संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sat, 09 Sep 2023 12:27 AM IST
ताखा। नगला पंछाय गांव में बुधवार रात युवक के पैर में सांप ने डस लिया। परिजन युवक को अस्पताल न ले जाकर तांत्रिक के पास झांड़-फूंक के लिए ले गए। हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाॅक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव नगला पंछाय निवासी श्याम सिंह (30) बुधवार रात बिजली नहीं आने पर घर की छत पर सो रहा था। बारिश होने पर छत से नीचे उतरकर कमरे में लेट गया तभी करीब तीन बजे सांप ने उसके पैर में डस लिया। युवक ने परिजनों सांप के डसने की जानकारी दी। जिसके बाद परिवार वाले सांप को खोजने लगे लेकिन अंधेरा होने की वजह से सांप नहीं मिला। परिजन युवक को अस्पताल ना ले जाकर करीब 20 किलोमीटर दूर तांत्रिक के पास ले गये। जहां गुरुवार को पूरे दिन झाड़-फूंक कराया और शाम को घर ले आये। गुरवार रात हालत और खराब हो गई तो परिजन इटावा के एक निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने श्याम सिंह को मृत घोषित कर दिया। युवक की शादी सात साल पहले सोनम से हुई परिवार में दो बेटी माही (5) और सना (2) हैं। थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि सांप डसने से मौत की सूचना परिजनों ने दी थी। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।