संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा

Updated Tue, 03 Oct 2023 12:10 AM IST

ताखा। कस्बा सरसईनावर में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान तीन अपंजीकृत क्लीनिकों को सील कर दिया। एक संचालक अपनी डिग्री नहीं दिखा सका। वहीं, दो टीम को देखकर क्लीनिक से भाग खड़े हुए।

सोमवार को तहसीलदार मोहम्मद असलम व प्रभारी राजस्व निरीक्षक रोहित कुमार व स्वास्थ्य टीम सीएचसी अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह, डॉ. तेज प्रताप सिंह व स्टाफ नर्स हरिनरायण शुक्ला ने कस्बे में छापामार अभियान चलाया। सबसे पहले आयुष्मान क्लीनिक पर टीम पहुंची। वहां ऐलोपैथिक दवाएं मिलीं। संचालक अजय दिवाकर के पास से कोई डिग्री या क्लीनिक पंजीकरण के कागज नहीं मिले। क्लीनिक में एक बेड पर बच्ची को ड्रिप लगाई जा रही थी।, इसके साथ ही चार मरीज दिखाने के लिए बैठे मिले। मौके से लोपेरामाइड टेबलेट के साथ बेटनीसोल इंजेक्शन भी मिले।

क्लीनिक संचालक के पास स्नातक की डिग्री मिली। वह स्वास्थ्य से संबंधित कोई डिग्री व डिप्लोमा नहीं दिखा सका। दो झोलाछाप टीम को आता देखकर शटर गिराकर भाग खड़े हुए। तहसीलदार ने दोनों झोलाछाप के क्लीनिकों को सील कर दिया। झोलाछाप अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक को लावारिस में कार्रवाई करते हुए थाने भिजवा दिया। झोलाछाप पर कार्रवाई की सूचना पूरे तहसील क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इसके बाद क्षेत्र के अधिकतर झोलाछाप शटर बंद कर भाग गए। तहसीलदार मोहम्मद असलम ने बताया कि शासन के निर्देश स्वास्थ्य विभाग की मदद से तीन झोलाछाप क्लीनिकों को सील किया गया है। अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *