संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा

Updated Fri, 15 Dec 2023 11:54 PM IST

बकेवर। एसडीएम भरथना के निरीक्षण में 50 शैया अस्पताल की इमरजेंसी देर शाम बंद मिली। उन्होंने आवास से स्टाफ को बुलाकर अस्पताल की व्यवस्थाएं देखीं। मौके पर सीएमएस नहीं मिलने और उपस्थिति रजिस्टर अलमारी में बंद मिलने पर नाराजगी जताई। एसडीएम ने डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।

50 शैया अस्पताल में शाम करीब सात बजे एसडीएम भरथना कुमार सत्यम जीत, क्षेत्रीय लेखपाल अर्जुन सिंह चौहान के साथ पहुंचे। उपजिलाधिकारी को शाम को अस्पताल बंद मिला। इमरजेंसी में भी कोई नजर न आने पर एसडीएम ने आवासीय परिसर से कर्मचारियों को बुलवाया। सूचना पर लिपिक दयाराम, चतुर्थश्रेणी के साथ अस्पताल खुलवाने पहुंचे। कुछ देर में ही अस्पताल के आवासों म रहने वाली डेंटिस्ट डॉ. शाहना भी अस्पताल पहुंच गईं।

एसडीएम ने मरीजों के नाम दर्ज वाला रजिस्टर देखा। इसमें एक चिकित्सक के ओपीडी वाले रजिस्टर में 10 मरीजों के नाम अंकित थे। डॉक्टरों व स्टाफ की उपस्थिति का रजिस्टर मांगने पर रजिस्टर सीएमएस की अलमारी में रखा होने की जानकारी लिपिक की ओर से दी गई। सीएमएस भी मुख्यालय पर मौजूद नहीं मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की। एसडीएम कुमार सत्यमजीत ने बताया डीएम के निर्देश पर 50 शैया अस्पताल का निरीक्षण किया था। अस्पताल निरीक्षण में पूरी तरह बंद मिला। कोई चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद नहीं मिला। रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। उनके निर्देशों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *