सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के मेडिसन विभाग में चौथी मंजिल पर बने महिला वार्ड से 26 अक्तूबर को औरैया के दंपती का 20 दिन का नवजात चोरी हो गया। पीड़ित परिवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रामप्रताप पुत्र बेचेलाल निवासी ग्राम रामपुर बैश थाना अछल्दा जिला औरैया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि वह पानीपत की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पत्नी निशा को चार अक्तूबर को ऑपरेशन से पानीपत के एक निजी अस्पताल में बेटा हुआ था। 20 दिन बाद पत्नी निशा की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर वह उसे 21 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय लेकर आया। यहां डॉक्टरों ने उसे ओपीडी बिल्डिंग में महिला मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया था।
बताया कि निशा के साथ ननद माया देवी रहकर नवजात शिशु की देखभाल कर रही थी। 22 अक्तूबर को वार्ड में बार-बार आवाजाही कर दंपती उनसे बातचीत करने लगे। तीनों दिन दंपती बच्चे को खिलाने के लिए वार्ड में आए। 26 अक्तूबर को अस्पताल से छुट्टी होने वाले दिन माया बच्चे को लेकर नीचे पार्क में धूप में बैठी हुई थी। वह बच्चे को धूप लिटा कर पार्क में लगे हैंडपंप पर पानी लेने गई चली गई। तब वहां वही अपरिचित महिला बैठी हुई थी। बहन पानी लेकर लौटी तो महिला बच्चे को लेकर गायब हो चुकी थी। पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कुलसचिव डॉ. चंद्रवीर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। संबंधित विभाग के जिम्मेदारों से पूछताछ करके जांच कराई जाएगी। सीसीटीवी कैमरे सही कराने की जिम्मेदारी निर्माण निगम की है। सीओ नरेंद्र चौबे ने बताया कि शिशु के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इसमें तीन टीम में लगाई गई हैं। जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद किया जाएगा।
इलाज के लिए रुपये न होने से पानीपत से सैफई में कराया इलाज
पीड़ित रामप्रताप ने बताया उसके माता-पिता नहीं हैं। आर्थिक स्थितियां उसकी ठीक नहीं हैं। परिवार पालने के लिए अपनी पत्नी के साथ पानीपत में मुर्गी फार्म हाउस पर नौकरी करता था। उसकी पत्नी बीमार रहती थी। वहां इलाज करने में काफी खर्च आ रहा था। इस कारण वह डिलीवरी करने के बाद अपनी बहन माया देवी के घर सहसपुर औरैया आया था, जहां पर पत्नी की तबीयत खराब हो गई तो वह यहां सैफई पहुंचा था। जहां इलाज कर रहा था, लेकिन वहां से उसका नवजात शिशु चोरी हो गया।
