संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 18 Dec 2023 12:24 AM IST
सैफई। थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव में भूसा जलाने को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े के मामले में थाने में बंद आरोपी को छुड़ाने के नाम पर एक लाख बीस की ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी से एक लाख बीस हजार रुपये भी बरामद कर लिए।
हरचंदपुर गांव में दयाराम व उक्त गांव के संतोष कुमार के बीच गेहूं का भूसा जलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच में प्रथम पक्ष दयाराम दिवाकर के पुत्र शिवाजी सिंह के पास से एक अवैध राइफल बरामद करके थाने में बंद कर दिया था। जिसको छुड़ाने के लिए सैफई ब्लॉक क्षेत्र के भाजपा नेता के छोटे भाई विकास उर्फ पिंकी यादव निवासी मटियार ने एक लाख बीस हजार रुपये ले लिए थे। लेकिन अवैध असलहा के आरोप में थाने में बंद युवक को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया था।
उसके जेल जाने की परिजनों को जब जानकारी हुई और वह तहसील सैफई में पहुंचे जहां एसडीएम की अध्यक्षता में संचालित समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बरौली कला की पूर्व प्रधान मीरा देवी ने एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव के सामने पूरे मामला रखा। एसडीएम ने रुपये लेने वाले भाजपा नेता के भाई को मौके पर बुलाकर पूछताछ की और युवक ने वहां पर रुपये लेने की बात स्वीकार की।
तब एसडीएम ने आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में देकर थाने में बंद कराया। रविवार को पूर्व प्रधान मीरा देवी देवी की तहरीर पर थाना पुलिस ने आरोपी से रुपये बरामद कर उसे जेल भेज दिया।
