उज्ज्वला योजना…40 हजार को नहीं मिलेगा सिलिंडर
डेढ़ लाख उज्जवला उपभोक्ताओं में 40 हजार के खाते से ई-केवाईसी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। दीपावली पर उज्जवला योजना के तहत मुफ्त सिलिंडर का लाभ जिले के 40 हजार उपभोक्ताओं को नहीं मिल सकेगा। ई-केवाईसी न होने की वजह से उक्त लाभार्थी लाभ से वंचित रहेंगे।
दीपावली में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार मुफ्त गैस सिलिंडर का तोहफा देने जा रही है। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शासनादेश के तहत लाभार्थियों को इसका लाभ दो चरणों में मिलेगा। जिले में 1,51, 094 से अधिक उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं।
शासन ने दिवाली पर उज्ज्वला कनेक्शन धारक लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलिंडर देने की घोषणा की है। इस घोषणा से लोगों में काफी खुशी है। शासन ने इसका लाभ दो चरणों में देने की तैयारी की है। इसमें पहले चरण में नवंबर से दिसबंर तक और फिर दूसरा चरण जनवरी से मार्च तक दिया जाएगा।
लगभग 40 हजार उज्जवला लाभार्थियों के खाते लिंक नहीं हैं। ऐसे लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। वहीं विभागीय अधिकारियों के अनुसार ई-केवाईसी के लिए गैस एजेंसी पर बायोमीट्रिक व्यवस्था की गई है। इससे बायोमीट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है।
बैंक खाते से लिंक होना चाहिए आधार
शासन के इस आदेश से जिले की उन्हीं उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को सुविधा मिलेगी। जिनके बैंक खाते आधार से लिंक होंगे। लाभ देने के लिए शासन ने कई शर्तों को भी लागू किया है। पहली शर्त यह है कि योजना का लाभ ऐसे लाभार्थियों को मिलेगा, जिनका खाता आधार लिंक होगा।
डीबीटी के माध्यम से खाते में आएगी धनराशि
उज्ज्वला कनेक्शन धारकों की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से मिल रही है। लाभार्थियों को गैस एजेंसी पर रिफिल की पूरी धनराशि जमा करनी होती है। नि:शुल्क रिफिल में भी गैस एजेंसी पर पूरी धनराशि जमा करनी होगी और वह धनराशि डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजी जाएगी।
उज्जवला उपभोक्ता
इंडियन ऑयल 99086
हिंदुस्तान पेट्रोलियम 38299
भारत पेट्रोलियम 13709
वर्जन
जिन उज्जवला गैस धारकों के खातों की ई-केवाइसी नहीं हुई है, उनकी केवाईसी करवाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। धनराशि सिलिंडर लेने के बाद उपभोक्ता के खाते में वापस की जाएगी । इसलिए खाते का लिंक होना आवश्यक है। – सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी
