संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 27 Nov 2023 12:15 AM IST
इटावा। शुक्रवार से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गर्म भोजन देने की योजना का शुभारंभ हो गया, लेकिन न ही पकाने के लिए और न ही बच्चों को खाने के लिए बर्तन उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में जहां उधार के बर्तनों में भोजन बनेगा वहीं, बच्चे घर से बर्तन लाकर खाना खाएंगे।
जिले के 1564 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह वर्ष के 50 हजार से अधिक नौनिहाल पंजीकृत हैं। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों को न तो भोजन परोसने के लिए और न ही पकाने के लिए बर्तन उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में दो सौ मीटर की परिधि में आने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए परिषदीय विद्यालयों के बर्तनों में भोजन पकाया जा रहा है। शासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक बार फिर से गर्म भोजन योजना शुरू कराई है।
शुक्रवार को योजना का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री ने अयोध्या से किया था। जिले में भी योजना की शुरुआत शुक्रवार से शुरू हो गई थी, लेकिन अभी तक संसाधन के नाम पर कोई सामग्री नहीं प्राप्त कराई गई है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि योजना के संचालन के आदेश पर अमल करा दिया है। ग्रामीण क्षेत्र में बर्तन की खरीदारी के लिए पंचायत स्तर और नगर क्षेत्र में नगर पालिका के लिए आदेश जारी किए गए है। हालांकि परिषदीय स्कूल में बर्तन पहले से ही संख्या से अधिक है, फिलहाल उनसे ही काम चल रहा है।
