संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Wed, 04 Oct 2023 12:05 AM IST
ताखा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सुखैया गांव के पास लकड़ी से लदे चलते ट्रक में शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। चालक ने मुश्किल से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। ट्रक में आग लगने के कारण हाईवे करीब डेढ़ घंटे बाधित रहा।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सुखैया गांव के पास झांसी के गुरसहाय से रामपुर जाते समय शार्ट सर्किट से चलते ट्रक में आग लग गई। चालक सहमत खान निवासी गांव धनेली, थाना शाही जिला बरेली जब तक कुछ समझ पाता। तब तक आग पूरे ट्रक में फैल गई और रोकते-रोकते आग केबिन तक जा पहुंची। आग देखकर चालक ने कूद कर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुदरैल चौकी पुलिस व यूपीडा की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। करीब पौन घंटे बाद दमकल की टीम ने मशीन से करीब बीस मिनट में आग पर काबू पाया तब तक ट्रक पूरी तरह से जल चुका था। आग तेज होने से एक्सप्रेसवे की दोनों लाइनों से वाहनों का आवागमन करीब डेढ़ घंटे बाधित रहा। थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से लकड़ी से लदे चलते ट्रक में आग लग गई, चालक सुरक्षित है। करीब डेढ घंटे में आग पर काबू पाया गया, ट्रक के मलबे को हटवाकर परशुरामपुर यार्ड में भिजवा गया है।
