इटावा। लवेदी क्षेत्र के नवादा खुर्द कला निवासी संदीप की आत्महत्या के मामले में अब सोशल मीडिया पर उसके पोस्ट वीडियो चर्चा में हैं। गैस एजेंसी का कारोबार शुरू करने के लिए करीब 36 लाख रुपये लगाने के बाद भी उसे सफलता नहीं मिली। ऑनलाइन कंपनी से गैस की सप्लाई बंद होने के कारण कारोबार ठप हो गया और उसकी लाखों रुपये की पूंजी फंस गई। आर्थिक तंगी और कर्ज के बीच पत्नी के भी मायके चले जाने से वह परेशान था। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो के जरिये अपना दर्द बयां किया था।
एक वीडियो में संदीप बता रहा है कि 21 मई 2024 को इंदिरा गैस एजेंसी का शुभारंभ किया था। कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उसने करीब 30 से 36 लाख रुपये लगाए थे। उसे उम्मीद थी कि गैस एजेंसी से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, लेकिन कंपनी से सप्लाई बंद होने के बाद कारोबार प्रभावित हो गया। लाखों रुपये लगाने के बाद भी आमदनी का रास्ता बंद हो गया।
संदीप ने सोशल मीडिया पर कंपनी के खिलाफ पोस्ट कर गैस सप्लाई बंद होने से हुए नुकसान पर नाराजगी जाहिर की थी। मौत से करीब एक सप्ताह पहले पोस्ट किए गए वीडियो में उसने कारोबार में घाटे के साथ पारिवारिक परेशानियों का भी जिक्र किया था। करवा चौथ से एक दिन पहले पोस्ट किए गए वीडियो में पत्नी से विवाद और उसके मायके चले जाने को लेकर नाराजगी जताई थी।
एक अन्य वीडियो में उसने कहा था कि जब तक व्यक्ति कमाता है, तभी तक लोग उसके साथ रहते हैं। कमाई बंद होने पर अपनों का व्यवहार भी बदल जाता है। एक वीडियो में संदीप ने लोगों को मुश्किल वक्त में हार न मानने और संघर्ष करके जीने की सीख भी दी थी। उसने कहा था कि मरना आसान है, लेकिन जीना बहुत कठिन है। संदीप राष्ट्रीय मानव सेवा उत्थान समिति का जिला अध्यक्ष भी था।
उसकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और कंपनी के खिलाफ लिखी गई बातें वायरल हो रही हैं। ये पोस्ट उसके कारोबार और पारिवारिक जीवन में चल रहे तनाव की तस्वीर पेश कर रहे हैं।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि संदीप के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट की जानकारी भी सामने आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

