चकरनगर। ऐतिहासिक महाकालेश्वर मंदिर के नजदीक पांच नदियों के संगम पचनद में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद किशोरियों, महिलाओं, साधु-संतों समेत अन्य श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेल पत्री और जल चढ़ा कर मन्नत मांगी।
ऐसी मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा में ब्रह्म मुहूर्त के समय अगर कोई पचनद में डुबकी लगाता है तो उसे चारों ओर महामृत्युंजय यंत्र दिखाई देता है और वह अकाल मृत्यु से दूर रहता है। महाभारत काल में पचनद को तीर्थ क्षेत्र होने की मान्यता सिद्ध होती है। मान्यता के मुताबिक, किशोरियों ने सुंदर वर की आकांक्षा में दीप प्रज्वलित कर पचनद में प्रवाहित किए। जबकि महिलाओं ने स्नान के बाद दीप प्रज्वलित कर अपने पतियों की लंबी उम्र की कालेश्वर बाबा से कामना की। स्नान के लिए जनपद के अलावा जालौन, झांसी, औरैया, कानपुर नगर, मध्य प्रदेश के जनपद भिड, ग्वालियर व मुरैना से भी साधुओं समेत अन्य श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर मंदिरमें पूजा-अर्चना की।
मेला में चार लाख का हंसा बकरा रहा आकर्षण का केंद्र
चकरनगर। पचनद संगम पर कार्तिक पूर्णमा के दिन इटावा, जालौन सीमा पर जमुनापारी बकरी मेला वर्षों से लगता आ रहा है। जिसमें विदेशी व्यापारियों से लेकर क्षेत्रीय पशुपालक बकरियों की खरीद फरोख्त करते नजर आए। बॉर्डर पर लगे बकरियों के मेले में जमुनापारी बकरी की भरमार देखी गई। दस हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक की जमुनापारी बकरी बाजार में आकर्षण का केंद्र रही। बिठौली गांव निवासी अशोक सिंह परिहार का लगभग चार लाख रुपये की कीमत का हंसा बकरा आकर्षण का केंद्र रहा।
पचनद मेला की रौनक हो रही कम
ऐतिहासिक महा कालेश्वर के समीप पचनद संगम पर लगने वाले विशाल मेले की रौनक लगातार गिरती जा रही है। पहले मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु नजर आते थे, लेकिन अब पचनद पर श्रद्धालुओं का कम होना चिंता का विषय। मेला कमेटी के अध्यक्ष सहेल सिंह परिहार ने भी ऐतिहासिक मेले की रौनक कम होने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होनें लोगों से मेला में आने की अपील की है।
स्टैंड बनाकर की गई अवैध वसूली
बिठौली थाना के नजदीक पुलिस की मिली भगत से स्थानीय लोगों ने स्टैंड बनाकर श्रद्धालुओं से पर्ची के नाम पर अवैध वसूली की, जबकि पुलिस मूक दर्शक बनी रही। लखना निवासी सुमित ने बताया कि पचनद मेला देखने आए थे। सड़क पर टेम्पो खड़ा करने पर स्टैंड के नाम से पचास रुपये की पर्ची काट दी। गुहानी निवासी रोहित ने बताया यहां लोगों ने मोटर साइकिल रोक कर स्टेंड के नाम पर प्रति गाड़ी 20 रुपये ले रहे है। समाजसेवी अश्वनी त्रिपाठी, सतीश यादव, कौशलेंद्र राजावत, अरविंद तिवारी, भूपेंद्र सिंह आदि ने जिलाधिकारी अवनीश राय से स्टैंड के नाम से अवैध वसूली रोक कर अवैध स्टैंड हटाने की मांग की है। मेला की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम चकरनगर ब्रह्मानंद कठेरिया, सीओ राकेश वशिष्ठ मौजूद रहे।
वर्जन
पचनद पर स्नान तो खत्म हो गया है, लेकिन एक सप्ताह तक बॉर्डर पर मेला चलेगा। स्टैंड कमेटी की ओर से बनाए गए थे। स्टैंड के नाम से अवैध वसूली की जानकारी नहीं है। – ब्रह्मानंद कठेरिया, उपजिलाधिकारी चकरनगर
