बकेवर। सुनवर्षा ओवरब्रिज के पास बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज के मशीन रूम की दीवार में नकब लगाकर चोर मशीनों की मोटरों से करीब एक क्विंटल तांबा निकाल कर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।

थाना क्षेत्र की सिक्सलेन हाईवे किनारे सुनवर्षा ओवर ब्रिज के पास बल्लमपुर मार्ग स्थित कई सालों से मालिक शिव कुमार का बालाजी कोल्ड स्टोरेज बंद पड़ा है। गुरुवार को श्रीमद्भागवत के लिए पानी भराने के लिए टंकी की सफाई मजदूरों से कराई जा रही थी। जब सफाई करते समय मजदूरों की नजर नकब लगी दीवार पर पड़ी तो मजदूरों ने कोल्ड स्टोर की देखरेख करने वाले सुनवर्षा गांव निवासी मालिक के भतीजे बबलू को जानकारी दी। जिस पर बबलू ने यूपी 112 पुलिस को फोन कर सूचना दी।

भतीजे बबलू ने बताया कि चाचा दिल्ली में एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं। कोल्ड स्टोरेज पिछले कई सालो से बंद पड़ा है। पांच महीने से देखरेख के लिए कोई नहीं पहुंचा गुरुवार को जब श्रीमद्भागवत कार्यक्रम के लिए कोल्ड स्टोरेज में पानी की टंकी की सफाई कराई जा रही थी। तब मजदूरों ने देखा कि मशीनरी रूम की दीवार टूटी है। मशीनरी रूम में अंदर देखा तो मशीनों और मोटरों की एक क्विंटल तांबा चोर चोरी कर ले गए। महेवा चौकी प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली थी। जिस पर मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की गई। कोल्ड स्टोरेज में घटना पांच माह पहले का प्रतीत हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *