इटावा। बढ़पुरा पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान तीन तस्करों को पिस्टल, तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पिस्टल मध्य प्रदेश के खंडवा की बनी हुई बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बढ़पुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे यमुना नदी पुल के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम के रुकने का इशारा करने पर स्कूटी भगाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करके तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में इनके पास से दो पिस्टल, तीन कारतूस 32 बोर, एक तमंचा व दो कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद रिजवान निवासी गाड़ीपुरा, डेविड सोनी निवासी रामगंज व शहवाज निवासी अकालगंज थाना कोतवाली बताए।
बरामद असलहों के बारे कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि मध्य प्रदेश के खंडवा से दोनों पिस्टल खरीदकर लाएं हैं। इसे ज्यादा दाम पर बेचते हैं। रिजवान के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म सहित जिले के कई थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। डेविड सोनी के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित छह मुकदमे दर्ज हैं।
