बकेवर। शनिवार को आईजी ने बकेवर थाने में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। थाना परिसर में साफ-सफाई, वाहनों मामलों का निस्तारण न होने के साथ थाने के टूटे गेट को लेकर आईजी ने नाराजगी जताई। उन्होंने थाना परिसर में कुछ जगह पर गंदगी को देखकर फोटो खिंचवाई व थानाध्यक्ष को दो दिन के अंदर सफाई कराकर उसकी फोटो भेजने के लिए निर्देश दिए।

आईजी प्रशांत कुमार शनिवार दोपहर बाद बकेवर थाने में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने थाने के गेट पर खड़े कुछ फरियादियों से शिकायती पत्र लेकर समाधान के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए। फिर थाने में सलामी गारद के सिपाहियों से परिचय लेकर उनसे समस्याओं आदि के बारे में पूछा। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने आईजी को बताया कि थाने में मेस चलता है। उसमें खाना बनता है और अधिकांश पुलिस स्टाफ मेस में ही खाना खाते हैं। सिपाहियों ने खाने की गुणवत्ता बेहतर बताई।

उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन पिंक शौचालय, विवेचना कक्ष के साथ-साथ बैरक के बारे में भी जानकारी ली। परिसर में मुकदमों के वाहनों को बेतरतीब खड़े देखकर उन्होंने थाने के दीवान से नाराजगी जताई। थाने के माल वाहनों के निस्तारण के बारे में पूछने पर दीवान ने 15 माल वाहनों का निस्तारण हो जाने की बात बतायी। वाहनों की संख्या स्पष्ट नहीं देने के कारण आईजी ने एक महिला सिपाही को बुलाकर थाना में खड़े सभी वाहनों की गिनती करके नोट करने के निर्देश दिए।

थाना परिसर में अंदर नाली का पानी आने पर उन्होंने नाराजगी जताई। गेट के बाहर आकर थाना के गेट के पास नाली में गंदा पानी भरा होने पर गंदगी को देख नाराजगी जताई। एक तरफ का गेट टूटा होने पर आईजी ने कस्बा इंचार्ज अलख निरंजन से नाराजगी जताते हुए सही कराने को कहा और थानाध्यक्ष को दो दिन के अंदर साफ सफाई कराकर उसकी फोटो भेजने के लिए निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात सत्यपाल सिंह भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें