संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Tue, 14 Nov 2023 11:38 PM IST
इटावा। धनतेरस पर ग्राहक बनकर आईं महिलाओं ने सराफा व्यवसायी की 12 अंगूठियां पार करके लगभग ढाई लाख रुपये की चपत लगा दी। व्यवसायी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के बीएसएनएल एक्सचेंज के पास बने अपने ही घर में आसाराम यादव ने नवरात्रों में सराफा दुकान का उद्घाटन किया था। किसी कारणवश दुकान बंद चल रही थी। धनतेरस से एक दिन पहले उन्होंने अपनी दुकान फिर से खोली थी। धनतेरस के दिन ही दो महिलाएं उनकी दुकान पर सोने का सामान लेने के लिए पहुंची थीं। दुकानदार आसाराम यादव को जब उन्होंने अपनी बातों में उलझा लिया तो इस बीच दूसरी महिला ने पैकेट में राखी 12 सोने की अंगूठियां को उठा लिया। दुकान पर बहाना बनाकर वहां से निकल गई। जब इस बात की जानकारी आसाराम यादव को लगी तो उन्होंने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में मुकदमा रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्दी खुलासा करने की बात कह रही है। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच पड़ताल की जा रही है।
