संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sun, 12 Nov 2023 12:15 AM IST
चकरनगर (इटावा)। कस्ो की एक महिला ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। साथ ही उसने जीभ में चाकू मारकर घायल करने की भी बात कही है। पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दुष्कर्म के आरोप की जांच कर रही है। महिला ने घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का भी दावा किया है।
महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी मां आशा कार्यकर्ता हैं। गुरुवार रात मां प्रसव कराने के लिए ब्लॉक गई थी और वह घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान रात में करीब 11 बजकर सात मिनट पर एक अनजान युवक हाथ से खिड़की की कुंडी खोलकर घर के अंदर घुस आया। आरोपित ने महिला को अर्द्धनग्न कर दिया। नींद खुलने पर वह भागी तो आरोपी ने कमरे में अंदर खींच लिया।
आरोप लगाया कि आरोपी ने कमरे के अंदर मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया। चीखने पर आरोपी ने गला दबा लिया। जब उसकी जीभ बाहर निकली तो आरोपित ने जीभ में चाकू मार दिया और आरोपित घर के बाहर की कुंडी लगाकर मौके से फरार हो गया। जीभ में खून निकलने से घायल महिला करीब आधे घंटे तक घर में तड़पती रही। महिला के आवाज देने पर एक राहगीर ने बाहर से बंद दरवाजा खोला। आरोप लगाया कि वह थाने पहुंची तो पुलिस ने मनमानी तहरीर लिखकर हस्ताक्षर करा लिए और दूसरे दिन तक कार्रवाई करने की बात कहकर टरका दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया की पुलिस ने उल्टा पीड़िता को हड़का कर दुष्कर्म के मामले को एनसीआर में दर्ज कर आरोपी पर मात्र शांति भंग की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि दुष्कर्म जैसे घटना नहीं हुई है। मारपीट में मुकदमा लिखकर आरोपी का चालान किया गया है।
