भरथना (इटावा)। मोहल्ला मोतीगंज में व्यापारी के घर को चोरों ने निशाना बनाया और चार लाख नकदी समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। कमरे की कुंडी बंद कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जानकारी होने पर दंपती ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को जांच-पड़ताल में गली ओर बने गेट में लगी जाली उखड़ी मिली है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने इसी जाली को हटाकर कमरे की कुंडी खोलकर घर में प्रवेश किया होगा।
कस्बे के मोहल्ला मोतीगंज निवासी पीड़ित गुड्डू चौरसिया ने बताया कि उसकी जनरल स्टोर की दुकान है। शनिवार देर शाम घर के मुख्य दरवाजे में ताले व बगल वाली गली में स्थित घर के दूसरे द्वार पर लगे दो दरवाजों में बाहरी लोहे के गेट की अंदर से कुंडी लगाकर पत्नी विनीता के साथ सोने चले गए थे। रात करीब साढ़े तीन बजे नींद खुलने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने पर पत्नी ने गुड्डू को जगाकर जानकारी दी। इस पर दोनों ने अंदर से दूसरे कमरे से होते हुए आंगन में पहुंचकर कमरे की कुंडी खोली।
इसके बाद अंदर वाले कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे चार लाख नकद, सोने की अंगूठी, जंजीर, हार, कंठी, कान के बाले समेत चांदी की पायलें गायब मिलीं। व्यापारी ने बताया कि अलमारियों में रोज की तरह चाबी लगी ही थीं। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। वह और पत्नी ही घर पर रहते हैं।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम नरेंद्र मिश्रा, चौकी इंचार्ज, चौकी इंचार्ज हाकिम सिंह,एसआई रहीस पाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। सीओ विवेक जावला ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल करके रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए हैं।
