इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी शिवपुरीशाला में मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की बिजली लाइन लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। 21 अक्तूबर को इस लाइन की चपेट में आने से इटगांव निवासी टेंट हाउस कर्मी संदीप कुमार गंभीर रूप से झुलस गए थे।
इसके बाद भी बिजली लाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मोहल्ले की 12 महिलाओं ने बुधवार को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर बिजली लाइन को अन्यत्र स्थानांतरित कराने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि बिजली निगम को मामले की जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
उनका कहना है कि लाइन मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायती पत्र देने पहुंची आकांक्षा, पूनम देवी, राजेश्वरी, निर्मला देवी, चंद्ररेखा, ऊषा देवी, गीता ने डीएम से इन तारों को हटवाने की मांग की है। (संवाद)
