संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Wed, 01 Nov 2023 12:02 AM IST
बसरेहर। बसगंवा नहर पुल पर मंदिर के पास एक युवक को जमीन के विवाद में गोली मारकर आरोपी फरार हो गए। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना कर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
चौबिया थाना क्षेत्र के अडूपुरा निवासी अमित कुमार उर्फ टिल्लू पुत्र सीताराम ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके ताऊ से जमीन का विवाद चल रहा है। डेढ़ साल से मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अमित ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम हमारे ताऊ के पुत्र ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसे बसगंवा गांव के पास रोक लिया और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उसने विरोध किया तो हमलावरों ने गोली मार दी। जिससे उसके कंधे के नीचे हाथ में गोली लग गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के दौड़ने पर हमलावर हवाई फायर करते हुए उसे छोड़कर भाग गए। थाना प्रभारी सनत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घायल से जानकारी कर हमलावरों की तलाश जारी है। टीम गठित की गई है, मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
