संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Thu, 26 Oct 2023 11:31 PM IST
इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित एक चाय की दुकान पर खड़े ट्रक में चालक, खलासी व एक सवारी बेहोशी की हालत में पाए गए। सूचना पर पहुंचे चालक के परिजनों ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहरखुरानी के शिकार हुए तीनों लोगों के मोबाइल व रुपये लूट लिए गए।
मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के दुगनरिया निवासी आशीष ने बताया कि उसका बड़ा भाई नीरज गुरुग्राम के एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से ट्रक पर सामान लादकर खलासी कुलदीप निवासी जगतपुर बिचया मैनपुरी के साथ कोलकाता जा रहा था। गुरुग्राम से नवीन निवासी अंबेडकरनगर अटसू औरैया जाने के लिए ट्रक पर सवार हुआ था। टूंडला के पास दो लोग औरैया जाने के लिए चढ़े थे, जिन्होंने पेय पदार्थ में नशीली दवा मिलाकर तीनों को पिला दी।
इसके बाद नीरज का मोबाइल व छह हजार रुपये, कुलदीप और नवीन का मोबाइल आरोपी लूट ले गए। उक्त ट्रांसपोर्ट कंपनी के दूसरे ट्रक के चालक को जब हाईवे पर अपनी कंपनी का ट्रक खड़ा दिखा तो उसने देखा कि उसमें तीन लोग बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। दूसरे ट्रक के चालक ने अपनी कंपनी के मालिक को फोन से सूचना दी। जिसके बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने नीरज के घर पर फोन से घटना की जानकारी दी। नीरज और कुलदीप के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं आया है, जानकारी करके पीड़ितों से तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
