संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Thu, 14 Dec 2023 11:57 PM IST
इटावा। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।
भरथना थाना क्षेत्र में इकदिल रेलवे स्टेशन के बीच स्थित सीहपुर गांव के पास गुरुवार सुबह दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही अरुणांचल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से रामवीर (35) निवासी गंगदासपुर अछल्दा औरैया हाल पता सीहपुर भरथना की कटकर मौत हो गई। बताया गया कि रामवीर खेतों की तरफ जाने के लिए ट्रैक पार कर रहा था। उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। वह सीहपुर गांव निवासी रिश्तेदार के घर पर रहता था और अविवाहित था।
दूसरे हादसे में बलरई थाना क्षेत्र के यादवनगर गांव के सामने टूंडला से जसवंतनगर जाने वाले रेलवे ट्रैक पर बुधवार शाम क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। यह देख ग्रामीणों भी भीड़ जमा हो गई। इसकी जानकारी होते ही पुलिस ने रेलवे लाइन पर पड़े शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने में जुट गई। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त सुखवीर (40) विश्वनाथ निवासी रघुनाथपुरा थाना पिनाहट जिला आगरा के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा बलरई क्षेत्र के तिवारी का नगला में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। हादसे के बाद सुखवीर के दो बेटे, दो बेटी सहित पत्नी भावना का रो-रोकर बुरा हाल है।
