इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर विचारपुरा गांव के पास खराब हुई निजी बस में टॉर्च दिखा रहे यात्री व परिचालक को डीसीएम ने कुचल दिया। हादसे में यात्री की मौत हो गई और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र में फूलपुर गांव निवासी नरेंद्र सिंह (31) अपने बड़े भाई राघवेंद्र सिंह को दिल्ली में दवा दिलाने के लिए गए थे। शुक्रवार रात वह फिरोजाबाद से एक निजी बस में अपने भाई के साथ बैठे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विचारपुरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर अचानक बस खराब हो गई।
परिचालक दीपक कुमार निवासी चौबारा थाना बल्देवगढ़ जिला टीकमगढ़ बस सही कर रहा था। उसी दौरान नरेंद्र बस से उतरकर परिचालक को मोबाइल की टॉर्च दिखा रहा था। तभी पीछे से आ रहे डीसीएम ने दोनों को कुचल दिया।
हादसे में नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बड़े भाई राघवेंद्र ने बताया कि नरेंद्र नेवी में सेकेंड अफसर के पद पर तैनात था। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
