इटावा। डेंगू से सोमवार को शहर के लाइनपार क्षेत्र अजीत नगर में एक 25 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में सवा महीने के अंदर डेंगू से इस सीजन में अब तक दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है।
तीन सितंबर को ऊसराहार की एक महिला की आगरा में इलाज के दौरान प्लेटलेट्स कम होने की वजह से मौत हो गई थी। जबकि 16 सितंबर को उदी के एक युवक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जनपद में डेंगू से तीसरी मौत एक अक्तूबर को कस्बा के एक व्यापारी की मौत आगरा में उपचार के दौरान हो गई थी। जानकारी के अनुसार उनकी किडनी में इंंफेक्शन होने और किडनी फेल होने की वजह से मौत हो गई थी।
जिले में डेंगू से चौथी मौत अजीतनगर में गली नंबर आठ में एक 25 वर्षीय महिला की हुई। सभासद सुनील अंबेडकर ने बताया कि अजीतनगर में गली नंबर आठ निवासी रविकांत जो भरथना स्थित एक इंटर कॉलेज के प्रवक्ता रविकांत की 25 वर्षीय पत्नी मोहिनी उर्फ प्रियंका को तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। डेंगू की पुष्टि होने के बाद लुहन्ना चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार की रात करीब डेढ़ बजे तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सैफई ले जाया गया, जहां करीब दो से ढाई घंटे के इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इस घटना से अजीतनगर वार्ड के गली नंबर आठ में शोक का माहौल व्याप्त है।
सभासद सुनील अंबेडकर ने बताया कि अजीतनगर वार्ड की गली नंबर आठ में मृतका के घर से पहले नाला की चार- पांच साल से तली तक सफाई नहीं हुई। नाला में गंदगी व्याप्त होने से नाला ऊपर तक चोक है। उन्होंने लकड़ी डाल कर बताया कि नाला में कितनी ज्यादा गंदगी और मिट्टी भरी है। आरोप है कि वार्ड में एंटीलार्वा को नष्ट करने के लिए नगर पालिका की ओर से 15- 15 दिन में दवा का छिड़काव किया जाता है। हाल यह है कि वार्ड में अभी तक मच्छरों को मारने के लिए नगर पालिका की ओर से फॉगिंग मशीन तक नहीं चलाई गई है।
वर्जन
महिला की डेंगू से हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद मलेरिया इंस्पेक्टर के साथ टीम गई है। पता लगाया जाएगा कि किन कारणों की वजह से महिला की मौत हुई है। मंगलवार को पूरी टीम अजीतनगर भेजी जाएगी।
डॉ.गीताराम, सीएमओ
