संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Fri, 08 Sep 2023 11:35 PM IST
जसवंतनगर। कुरसैना गांव में खेत में आवारा पशुओं से बचाने के लिए लगाए गए कंटीले तारों में करंट दौड़ने से किसान की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी किसान युवक राजवीर सिंह यादव उर्फ राजू (40) पुत्र नाथूराम यादव अपने खेत में दोपहर 11 बजे के आसपास बाजरे की फसल की रखवाली करने गया था। दोपहर बीत जाने के बाद भी जब वह शाम तक घर नहीं लौटा तो घर वालों ने शाम छह बजे के बाद उसकी तलाश शुरू की तो वह खेत में लगे कटीले तारों के पास मृत पड़ा मिला। बताया कि राजवीर सिंह के खेतों से होकर गांव के कुछ लोगों ने बिजली के तार डाल रखे हैं। उन तारों में से किसी तार के टूट कर खेत में लगे कंटीले तारों से छू जाने से कटीले तारों में करंट आ गया। इसकी चपेट में आकर राजवीर सिंह की मौत हो गई। उसके घर वाले शाम छह बजे से उसे ढूंढ रहे थे। लगभग आठ बजे करीब वह जब खेतों में उसे तलाशने पहुंचे तो वह मृत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची कि पुलिस को दिए जाने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गया। वह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा तथा पत्नी को रोते बिलखता छोड़ गया है।

 
                    