इटावा। डेंगू के मामले में अक्तूबर का महीना चिंता बढ़ाने वाला है। चार, पांच व नौ अक्तूबर को किट से हुई जांच में 58 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो दिन पूर्व शहर के अजीतनगर में एक 25 वर्षीय महिला की डेंगू से सैफई में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में एनएस 1 की किट से हुई डेंगू जांच में 11 दिन में आंकड़ा 100 हो गया है। जबकि इनमें से तीन दिन अवकाश के रहे। जबकि तीन अगस्त से किट से शुरू हुई डेंगू जांच में 70 दिन में संदिग्ध डेंगू मरीजों की संख्या 286 हो गई है। जबकि एलाइजा जांच में डेंगू के मरीजों की संख्या 193 हो गई है।
बुधवार को जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में 65 मरीजों की डेंगू की एनएस 1 जांच हुई। इनमें से 16 डेंगू के लक्षणों वाले मरीज निकले। इनमेंं पुरविया टोला की प्रीती,छिमारा रोड के सनी, जसवंतनगर की प्रीती, जसवंतनगर की श्रद्धा, नगला जगे की जाग्रति, विक्रमपुर की प्रतिमा, पीएसी के नजदीक आकांक्षा, परासनी की पिंकी, पूनम, लुहन्ना चौराहा की परी, सुनीता देवी, जसवंतनगर के अमर सिंह,इकदिल के अक्षय तिवारी, रघुवीर, गांधी नगर के कष्णा व सैफई की डॉली शामिल हैं।
जिला अस्पताल के संक्रामक वार्ड में डेंगू के सात संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। जबकि महिला व शिशु वार्ड में बुखार के 17 मरीज भर्ती हैं, इनमें 11 बच्चे व छह महिलाएं शामिल हैं। बुधवार को ओपीडी में 1330 मरीज आए।
