संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sat, 23 Sep 2023 11:13 PM IST
इटावा। गांव गौरा पुरा में तीन दिन से लापता युवक का शव भाई के निर्माणाधीन मकान में फंदे पर लटका मिला। उसकी भाभी जब मकान में गई तो शव लटका देख चीख पड़ीं। शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के गौरा पुरा गांव निवासी सोहेल (20) पिछले तीन दिनों से अपने घर से गायब था। परिवार के लोगों ने सोचा कि वह कहीं बाहर चला गया। इस कारण से परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन नहीं की। क्योंकि वह पहले भी इस तरह से रिश्तेदारी में जा चुका था। शनिवार को सोहेल की भाभी अपने निर्माणाधीन मकान में गई तो फंदे पर शव लटका देखकर चीख निकल गई। चीख सुनकर परिवार व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए। फिर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राघवेंद्र ने बताया कि भाभी जब घर गई तभी जानकारी हुई। बताया कि सोहेल बिना बताए पहले भी घर से चला जाता था और फिर लौट आता था। इस कारण से उसकी खोजबीन की और न ही इसकी शिकायत पुलिस में की। प्रभारी निरीक्षक फ्रेंड्स कालोनी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या फंदा लगाकर जान देना प्रतीत हो रहा है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।