संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 23 Oct 2023 12:44 AM IST
भरथना। दो घरों के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर जेवर व नकदी चोरी कर बदमाश फरार हो गए। तीसरे घर में सेंधमारी का प्रयास विफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस चोरी की घटना की छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के मडाला ढकपुरा में शनिवार रात गांव निवासी मोहर सिंह व उनके पड़ोसी सुखचंद्र के घर में पीछे की दीवार में चोरों ने कच्ची जमीन से नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद चोरों ने पड़ोस स्थित रामचंद्र के घर में भी पीछे से नकब लगाने का प्रयास किया पर कमरे का फर्श पक्का होने के कारण सफल नहीं हो सके। रविवार सुबह जागने पर गृहस्वामियों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
जानकारी के अनुसार, मोहर सिंह के कमरे में रखे संदूक से 50 हजार रुपए नकद समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। जबकि सुखचंद्र के कमरे में रखा संदूक ही बदमाश उठा ले गए जोकि घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर बंबा के पास मिला। बताया गया संदूक में सोने चांदी के जेवर रखे थे जिसे बदमाश चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
