संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Tue, 19 Dec 2023 12:02 AM IST
इटावा। बसरेहर पुलिस ने दो अंतरराज्यीय जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए जेबकतरों में से एक हरियाणा के जींद में हुए दंगे का भी आरोपी है। दोनों ही मेलों में जाकर लोगों की जेब काटकर घटना को अंजाम देते थे। नुमाइश के चलते जेब कतरे इटावा पहुंचे थे। उनके पास से 15 डेबिट कार्ड, एक तमंचा सहित दो कारतूस बरामद हुए।
बसरेहर थाना प्रभारी सनत कुमार ने बताया कि रविवार रात कल्ला बाग तिराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी कस्बे की ओर से दो बाइक सवार आते दिखे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक को पीछे मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों बाइक सवारों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 15 डेबिट कार्ड, फिरोजाबाद से चोरी की गई बाइक में लगी फर्जी नंबर प्लेट, एक तमंचा, एक चाकू सहित दो कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाम पुनीत व दास कर्ख बताया और दोनों ही बूढ़ा बाबा बस्ती थाना सिटी जनपद जिंद हरियाणा के रहने वाले हैं। पूछताछ में बताया कि इटावा नुमाइश के चलते दोनों यहां घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। इससे पहले अयोध्या के चौरासी कोसी मेले में लोगों की जेब काटी थी। यूपी में पहली बार दोनों पकड़े गए हैं। पुनीत के ऊपर हरियाणा के अलग-अलग जिले में नौ मामले दर्ज हैं। जींद थाने में दंगे का मुकदमा दर्ज है। दास के खिलाफ हरियाणा में छह मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने जेब कतरों को गिरफ्तार करने वाली टीम को दस हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
