संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा

Updated Tue, 21 Nov 2023 12:57 AM IST

इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा फतेह महमूद खां में दो सगे भाइयों में घर के अंदर मारपीट हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे चचेरे भाई को दोनों भाइयों ने शराब के नशे में तमंचे से गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया जहां से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया।

शहर के मोहल्ला कटरा फतेह महमूद खां में रविवार रात शराब के नशे में दो सगे भाई नरेंद्र यादव और अंकित यादव उर्फ गिल्लू के बीच मारपीट हो गई। मारपीट की आवाज सुनते ही उनके चाचा धर्मेंद्र यादव का पुत्र शिवम (25) बीच बचाव करने गया तो दोनों भाइयों ने मिलकर उसके ऊपर तमंचे से फायर कर दिया। जिसमें शिवम के पेट के पास गोली जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों तमंचे के साथ गिरफ्तार किया।

परिजन घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन घायल को शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने युवक के पेट में लगी गोली को निकाल दिया और युवक को खतरे के बाहर बताया गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। वहीं शराब के नशे में अंकित यादव ने गुस्से में आकर तमंचे से फायर किया था। अंकित के खिलाफ पहले भी जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *