संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Tue, 19 Dec 2023 11:57 PM IST
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लुहन्ना चौराहा के पास युवक ने अपनी पत्नी को शराब के नशे में पिस्टल की बट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश में जुट गई है।
लुहन्ना चौराहा निवासी पूनम यादव ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 16 दिसंबर की रात साढ़े 12 बजे उसका पति उपेंद्र शराब के नशे में गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर मारपीट करने लगा। बचाव की कोशिश की तो उसने पिस्टल की बट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तभी झगड़े की आवाज सुनकर बेटा अथर्व जाग गया और यह सब देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। तभी उपेंद्र जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पूनम ने आरोप लगाया है कि उसके पति के पास चोरी की दो पिस्टल हैं। महिला की तहरीर पर पुलिस उपेंद्र के खिलाफ मारपीट व दहेज एक्ट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश में जुट गई है।
