संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 06 Nov 2023 12:55 AM IST
इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के रामनगर में संदिग्ध हालात में महिला का शव लटके मिलने पर पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
इकदिल थाना क्षेत्र के कीरतपुर निवासी कमलेश कुमार ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे उनकी रिश्तेदार मालती ने फोन से सूचना दी कि तुम्हारी पुत्री शिवानी को मारपीट कर फंदा लगाकर जान से मार दिया है। दिखाने के लिए पति व ससुराली सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर गए हैं। जैसे ही खबर मिली तुरंत अपने परिवारीजनों के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां देखा कि शिवानी का शव मृत अवस्था में मोर्चरी में रखा मिला। उसी समय फ्रेंड्स काॅलोनी पुलिस मौके पर आ गई और पंचनामा भरा। पिता की तहरीर पर पति मनीष चंद्र, देवर अवनीश, सास दागश्री उर्फ लक्ष्मी, ससुर सुरेश, ननद अन्नू, विनीता, अनीता निवासी रामनगर के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
