इटावा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में पांच चरणों की प्रवेश प्रक्रिया और सीधे प्रवेश के बाद भी खाली रह गई सीटों को भरने के लिए एक बार फिर कवायद शुरू की गई है। इसके तहत जिले के राजकीय आईटीआई संस्थानों में एससीवीटी व्यवसायों की रिक्त सीटों पर साक्षात्कार के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

प्रवेश से वंचित रह गए अभ्यर्थियों के लिए यह एक और मौका है। इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी आईटीआई संस्थान में दोपहर तीन बजे तक पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। संस्थान स्तर पर रिक्त सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थियों को प्रवेश देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आईटीआई में पहले पांच चरणों में प्रवेश प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसके बाद सीधे प्रवेश का भी अवसर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद एससीवीटी व्यवसायों की कुछ सीटें खाली रह गईं। अब इन सीटों को भरने के लिए साक्षात्कार आधारित प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है।

आईटीआई के प्रधानाचार्य अवधेश सिंह ने बताया कि रिक्त सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित संस्थान में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।



Source link