इटावा। सिविल लाइन क्षेत्र में सफारी पार्क के पास शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम के बीच खंडहर में एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तमंचा व कारतूस के साथ उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में सफारी पार्क के पास खंडहर में छुपाकर रखी नौ बाइकें व दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात थाना सिविल लाइन, बसरेहर पुलिस व एसओजी की टीम लुहन्ना चौराहा के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सिविल लाइन थाना प्रभारी यशवंत सिंह को सूचना मिली कि सफारी पार्क के पास रामवीर तिवारी की खंडहर पड़ी बिल्डिंग में एक व्यक्ति चोरी की बाइक के साथ मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीमों ने दबिश दी तो वहां मौजूद बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने सात चोरी की बाइकें, एक तमंचा व कारतूस बरामद किए।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुखबीर उर्फ नेता निवासी नगला बाबा थाना वैदपुरा बताया है। कढ़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुखवीर के साले सोनू उर्फ रामकुमार व रवि निवासी रीचपुरा गांव थाना जैतपुर आगरा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पिलुआ मंदिर से चुराई गईं दो बाइकें भी बरामद हुई। एसएसपी ने बताया कि सुखवीर के ऊपर इटावा, औरैया, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद व आगरा के थानों में जानलेवा हमला जैसे संगीन अपराधों में 19 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ करने वाली टीम को 10 हजार रुपये इनाम देने की एसएसपी ने घोषणा की है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया।
चोरी हुई 105 बाइकों में 94 बरामद
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में एक जनवरी 2023 से अभी तक चोरी हुई 105 बाइकों में से पुलिस ने 94 बाइक बरामद की हैं। इसके अलावा गैर जनपद की 22 बाइक बरामद हो चुकी हैं। बाइक चोरी के छह मामलों में पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है।
