संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sat, 16 Dec 2023 12:01 AM IST
सैफई (इटावा)। पूर्व प्रधान के कब्जे से जमीन कब्जा मुक्त कराने गई राजस्व की टीम के साथ गाली-गलौज कर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
ग्राम नगला अजाब निवासी पूर्व प्रधान अनिल कुमार पिछले कई साल से प्राथमिक विद्यालय रनुआं के पास लगभग ढाई बीघा जमीन पर अवैध कब्जा करके फसल पैदा कर रहा था। इसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों ने एसडीएम से की, लेकिन हर बार टीम जमीन को कब्जा मुक्त कराने में विफल रही। लेकिन इस बार शिकायत हुई तो एसडीएम ने राजस्व टीम व पुलिस टीम को भेजकर जमीन को खाली कराने का निर्देश दिया।
राजस्व टीम में लेखपाल संजीव यादव, सुखवीर सिंह, मुनिदेव यादव, नागेंद्र सिंह जब मौके पर पहुंचे तो पूर्व प्रधान फसल बोने के लिए उक्त जमीन को ट्रैक्टर से जोत रहा था। सभी ने मिलकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। जमीन पर लाखों रुपये की फसल पैदा कर चुके पूर्व प्रधान ने अपने हाथ से जमीन चले जात देख राजस्व टीम के साथ गालीगलौज और धमकी देते हुए लेखपाल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। लेखपाल की तहरीर पर थाना पुलिस ने अनिल कुमार के रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश में जुट गई।
