भरथना। ढुलबजा गांव में शनिवार सुबह खेत पर काम कर रहे मां-बेटे की परिवार के ही एक युवक ने हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर मां-बेटे के शव पहुंचते ही परिवार व गांव में चीख पुकार मच गई। देर शाम परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे ढुलबजा गांव में रामपूती अपने बेटों अमित और शिवकुमार के साथ खेत पर काम कर रही थीं। इस बीच रामपूती के दूसरे पति कोमल का पौत्र सतवीर अपने साथियों के साथ आकर अमित और रामपूती की हत्या करके फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को दोपहर दो बजे के बाद मां-बेटे के शव पहुंचते ही घर के बाहर रोती बिलखती मृतक अमित कुमार की दिव्यांग पत्नी रिंकी देवी समेत परिवार व गांव की महिलाओं में चीख पुकार मच गई। पिता का सिर से साया उठने से अनजान अबोध लऊआ को रिश्तेदार संभालते रहे। घर के दरवाजे से बुजुर्ग रामपूती व उनके पुत्र अमित कुमार दोनों की साथ अर्थी उठने पर बदहवास हुई पत्नी का विलाप सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। मां व भाई की चिता को पुत्र शिवकुमार ने मुखाग्नि दी। रामपूती की विवाहित पुत्रियां अनीता, बिट्टी, मिथलेश, लालू देवी, भूरी देवी व कुसुमा देवी आदि परिजन बुजुर्ग मां व भाई की मौत पर रोती बिलखती रही।
अंत्येष्टि के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों समेत पुलिस-पीएसी रही मौजूद
रविवार को मां-बेटे की अंत्येष्टि के दौरान एसडीएम कुमार सत्यमजीत, तहसीलदार अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, सीओ विवेक जावला, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी समेत बड़ी तादाद में पुलिस व पीएसी बल तैनात बना रहा।
नृशंस हत्याकांड से रात भर जागा ढुलबजा गांव
शनिवार को गांव में हुए मां-बेटे की नृशंस हत्या से ग्रामीण सहमे रहे, आरोपियों की दहशत से गांव में स्थित करीब 35 घरों में रहने वाले ज्यादातर ग्रामीणों ने जाग कर रात काटी। गांव के राजवीर, नेम सिंह आदि ने बताया कि घटना के कारण रात भर नींद नहीं आ सकी। सुबह भी कई घरों के चूल्हे नहीं जल सके। हालांकि सुरक्षा बंदोबस्त के लिए बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा।
चार नामजदों व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
मृतक की पत्नी रिंकी देवी की तहरीर पर पुलिस ने सत्यवीर सिंह, आंसू, प्रांसु व उनकी मां सीमा देवी निवासी उदयपुरा ऊसराहार समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदता दर्ज कराया है।
