ताखा। पराली से फैलने वाले प्रदूषण को लेकर प्रशासन सख्त है। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। किसानों को समझाया भी जा रहा है कि पराली जलाने से क्या-क्या नुकसान होते हैं। इसके बावजूद पराली जलाने की घटनाएं सामने आ जाती हैं।
एसडीएम ताखा देवेंद्र कुमार पांडे ने पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर कृषि विभाग, लेखपाल व ग्राम प्रधानों के साथ तहसील सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कहीं पर पराली न जलाई जाए। कहीं पर जलाने का मामला संज्ञान में आता है तो संबंधित के साथ-साथ ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी निर्धारित होगी। सभी ग्राम प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को पराली न जलाने के संबंध में जागरूक करें।
एसडीएम ने बताया कि जो भी किसान पराली जलाएगा, उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा। लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण करेंगे। तहसीलदार ताखा मोहम्मद असलम, बीज गोदाम केंद्र के प्रभारी शैलेंद्र यादव, राजस्व निरीक्षक बसंतलाल, लेखपाल रोहित कुमार, संतोष कुमार, राजेश यादव, अनूप कुमार, ग्राम प्रधान ध्यान सिंह आदि मौजूद रहे।
