इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में प्रैक्टिकल की फाइल नहीं बनाने पर कक्षा 12 के छात्र को शिक्षक व प्रधानाचार्य ने पाइप से जमकर पीटा। जिसके बाद मां को स्कूल बुलाकर छात्र को निष्कासित करने की धमकी दी। मां की शिकायत पर पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराकर शिक्षक व प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पास राजेश्वरी गार्डन निवासी नेहा सोनी ने बताया कि उनका बेटा दिव्यांशु इकदिल थाना क्षेत्र के सुरवारा मार्ग मानिकपुर मोहन स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। नौ दिसंबर को प्रैक्टिकल फाइल नहीं बनाने पर शिक्षक अभिषेक उसे प्रधानाचार्य कैलाश यादव के पास ले गए।
आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य ने शिक्षक से बेटे के हाथ पकड़वाकर पाइप से जमकर पीटा। जब बेटे ने कहा कि उसकी गर्दन की नस चढ़ गई है तब छोड़ा। जिसके बाद प्रधानाचार्य ने फोन कर उन्हें बुलाया। कहा कि उनके बेटा छात्राओं से अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। महिला का कहना है कि उन्होंने स्कूल में जानकारी की तो छात्राओं ने इन्कार कर दिया। छात्र को निष्कासित करने की धमकी देते हुए उन्हें एक फार्म देकर हस्ताक्षर करने की धमकी दी। घर पहुंचकर जब मां ने बेटे की पीठ पर चोट के निशान देखे तो वह इकदिल थाने में शिकायत करने पहुंची। पुलिस छात्र का मेडिकल कराकर प्रधानाचार्य कैलाश यादव व शिक्षक अभिषेक के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज करके जांच में जुट गई है।
