संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Wed, 22 Nov 2023 12:18 AM IST
इटावा। सफारी के बब्बर शेर केसरी और बाहुबली बीमार चल रहे हैं। लगातार उपचार देने के बावजूद दोनों के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने से सफारी प्रशासन चिंतित है। हालांकि सफारी के चिकित्सक दोनों शेरों की निगरानी कर रहे हैं।
केसरी मई से बीमार चल रहा है। उसे लकवे की शिकायत बताई जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी के बावजूद उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो पा रहा है। वहीं, बब्बर शेर बाहुबली के स्वास्थ्य में विगत कुछ दिनों से बड़ी आंत की समस्या देखी जा रही है। दवाओं एवं एनीमा के बावजूद उसे कब्ज की समस्या बनी रहती है। इसका उपचार सफारी पार्क के पशु चिकित्सकों की ओर से किया जा रहा है।
विशेषज्ञ परामर्श के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान बरेली, पं. दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा, कानपुर प्राणी उद्यान, उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सा विशेषज्ञों का सहयोग लिया जा रहा है। प्रभारी निदेशक और डीएफओ अतुल कांत शुक्ला ने बताया कि दोनों शेरों को उपचार दिलाने के साथ ही उनकी लगातार निगरानी कराई जा रही है।