संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sat, 04 Nov 2023 12:09 AM IST
इटावा। भरथना थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पुल के नीचे बाइक अनियंत्रित होने से सड़क किनारे लगे कंटीले तारों में उलझने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
औरैया जिले के दिबियापुर के दखनाई रामगढ़ गांव निवासी शिवम कुमार पुत्र ओम प्रकाश ने बताया कि वह अपने मित्र अमित कुमार (22) पुत्र श्रीकृष्ण निवासी रामगढ़ के साथ ऊसराहर थाना क्षेत्र के मामन गांव स्थित रिश्तेदारी में गया था। गुरुवार रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पुल के नीचे पहुंचे तभी अमित से बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे लगे कटीले तारों से उलझ गए। अमित की मौके पर ही मौत हो गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायल को सीएचसी भिजवाया। शिवम ने बताया कि वह दोनों दिबियापुर में एक मिठाई की दुकान पर काम करते हैं। शिवम की 23 नवंबर को शादी है, जिसकी तैयारी में पूरा घर लगा हुआ है।
