भरथना। रास्ता पूछने का बहाना बनाकर बदमाशों ने एक ग्रामीण को अपनी बाइक पर बैठा लिया व जेब काटकर 20 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। घटना को अंजाम देकर थोड़ी दूर पर उसे उतार दिया। ग्रामीण अपनी बहन के गांव गाय खरीदने जा रहा था। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बदमाशों की तलाश कर रुपये लौटाने की गुहार लगाई है।

भरथना कोतवाली क्षेत्र के टडवा काछियान गांव निवासी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वह गुरुवार सुबह अपनी बहन के गांव किल्लामपुर उमरैन, औरैया गाय खरीदने जा रहा था। जब सुबह सवा नौ बजे वह कस्बे के तिलक रोड स्थित डाकघर के पास पैदल पहुंचा तो पीछे से बाइक पर आए एक युवक ने ऊसराहार जाने का रास्ता पूछा। पता बताने पर वह बोला कि बाइक पर बैठ जाइए, आगे तक छोड़ देंगे।

वह बाइक पर बैठ गए। जैसे ही बाइक बालूगंज स्थित पानी की टंकी के पास पहुंची तो एक अन्य युवक भी बाइक पर बैठ गया और थोड़ी दूर चलते ही बाइक सवार ने यह कहकर उतार दिया कि अब वह आगे नहीं जाएगा। बाइक से उतरते ही उसने अपनी पेंट की जेब टटोली तो देखा कि जेब ऊपर से पूरी कटी थी और उसमें रखे 20 हजार रुपये गायब थे।

उसने इधर-उधर भागकर बाइक सवार को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक सवार दोनों बदमाश भाग जाने में सफल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर बदमाशों की तलाश करके 20 हजार रुपये वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई। पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *