भरथना। ढुलबजा गांव में विवाद की वजह पैतृक साढ़े 13 बीघा जमीन बनी। कागजों में हिस्सा बांट होने के बावजूद सौतेले चाचाओं की मनमानी से गुस्साए भतीजे ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया। दो माह पहले भट्ठा संचालक को मिट्टी बेचने के सौदे से बढ़ी तनातनी ने दिनदहाड़े अपनों का कत्ल करा दिया। डीएम अवनीश राय ने बताया कि घटना दुखद है। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

रामपूती ने दो शादियां की थीं। गांव के कामता प्रसाद से दूसरी शादी करने के बाद रामपूति अपने पहले पति से जन्मे बेटे अरविंद को लेकर ही गांव आई थीं। कामता प्रसाद से दो बेटे अमित व शिवकुमार समेत आठ संतानें हुईं थीं। छह बेटियों की शादी रामपूती कर चुकी थीं। बड़ा बेटे अरविंद का कुछ समय पहले निधन हो गया था। उसके बाद से अरविंद की पत्नी सीमा देवी अपने तीन बच्चों सतवीर, प्रांशू और आशू को लेकर अपने सगे ससुर के गांव उदयपुरा रहने लगी थी।

गांव में कामता प्रसाद के नाम लगभग 18 बीघा जमीन थी। इसमें उन्होंने पत्नी रामपूती, अपने बेटों अमित और शिव कुमार के साथ ही सौतेले बेटे अरविंद के नाम बराबर की वसीयत की थी। अरविंद की पत्नी सीमा व तीनों पुत्र उदयपुरा में रहने की वजह से कामताप्रसाद की जमीन में उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा नहीं दिया जा रहा था। लगभग साढ़े चार बीघा जमीन सतवीर के सौतेले चाचाओं ने बेच भी ली थी। इससे सीमा और उसके पुत्र नाराज थे। जमीन के हिस्से को लेकर पिछले लगभग पांच वर्षों से न्यायालय में मामला विचाराधीन है। दो माह पहले अमित ने कस्बे के एक भट्ठा संचालक राजू चौहान को खेत की मिट्टी बेचने का सौदा किया था। इसकी जानकारी के बाद से ही तनातनी और बढ़ गई थी। भट्ठा संचालक के अनुसार, 50 हजार प्रति बीघा के लिए तीन साल के लिए सौदा हुआ था। इसके लिए अमित को 2.65 लाख रुपये एडवांस दे दिए थे।

…नहीं तो अमित की दिव्यांग पत्नी और बेटे की भी हो जाती हत्या

मृतक के छोटे भाई शिव कुमार ने बताया कि आरोपी भतीजे अपने साथियों के साथ सबसे पहले घर पर ही आ धमके थे। उस समय घर पर सिर्फ भाभी रिंकी ( मृतक अमित की पत्नी) और उनका तीन वर्षीय पुत्र लउआ ही घर पर थे। आरोपियों के कुंडी बजाने पर भयभीत होकर भाभी ने दरवाजे नहीं खोले। यदि दरवाजा खोल देती तो शायद आरोपी उन्हें भी मार डालते। उधर, पति की हत्या के बाद घटनास्थल पर दिव्यांग रिंकी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह रो-रोकर यही कह रही थी कि अब लउआ को कैसे अकेले पालेंगे।

तनातनी बढ़ता देख घर पर लगवाए थे कैमरे

शिव कुमार ने बताया कि सौतेले भतीजों से जमीन को लेकर बढ़ते विवाद को देखते हुए भाई अमित ने एक माह पहले ही घर पर कैमरे लगवाए थे। घटना के बाद पुलिस ने घर पर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज चेक की है। साथ ही पुलिस ने जांच के लिए डीबीआर और कैमरों को कब्जे में लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें