इटावा। नवीन मंडी में बुधवार रात प्लेटफार्म में बनीं आठ दुकानों में आग लग गई। जानकारी पर पहुंचे व्यापारियों ने पुलिस और दमकल टीम को सूचना दी। थाना पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक आठों दुकानें और उसमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था। व्यापारी जहां शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जता रहे हैं। वहीं, मंडी प्रशासन पल्लेदारों के खाने बनाने के दौरान चिंगारी उठने से हादसे की वजह मान रहा है।
बुधवार देर रात करीब फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में नवीन मंडी की फल मंडी में आग लग गई। देखते ही देखते मंडी में बने प्लेटफार्मों पर बनाई गई आठ दुकानों को आग ने चपेट में ले लिया। इससे मंडी में खलबली मच गई। सूचना पाकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। व्यापारियों का कहना है कि शार्ट सर्किट से दुकानों में आग लगी है।
वहीं, मंडी प्रशासन का कहना है कि किसी पल्लेदार के खाना बनाते समय चिंगारी से आग लगी है। आढ़तियों ने करीब 50 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। शहर के मोहल्ला शाहकमर निवासी आढ़ती मोहम्मद शाहरुख ने बताया कि उसकी फल की दुकान है। रात करीब साढ़े दस बजे सूचना मिली कि उसकी दुकान में आग लग गई है।
बताया कि मंडी में आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं होने पर आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकल की गाड़ियां भी करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं। वहीं, मंडी समिति का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना में पप्पू, आफताब, हनीफ, रफीक, मुहम्मद यासीन, अमन, इकराम व रामबाबू के फड़ जले हैं। घटना की जानकारी पर एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विक्रम राघव, सीओ सिटी अमित कुमार सिंह, समेत थाना फ्रेंड्स कालोनी प्रभारी सुधीर कुमार सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी यशवंत सिंह समेत अन्य थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।
वर्जन
नवीन मंडी में फल मंडी के प्लेटफार्म पर आग लगने की घटना हुई है। प्लेटफार्म पर आढ़ती प्लास्टिक की क्रेटें रखते हैं। फलों की संख्या कम थी। व्यापारियों को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। शाॅर्ट सर्किट की कोई संभावना नहीं है। वहां पर रहने वाले पल्लेदारों के खाना बनाने के दौरान उठी चिंगारी से भी घटना की संभावना है। सचिव को अवगत करा दिया गया है। -रियाज, मंडी निरीक्षक।
