उदी। पछायगांव में एक मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मजदूर की पत्नी ने बिजली बिल बकाया होने पर विद्युत विभाग की टीम के कनेक्शन काटने व मुकदमा करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सदमे में पति के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है।
पछांयगाव थाना क्षेत्र के ग्राम पछांयगाव निवासी विमलेश कुमार (35) पुत्र सोनेलाल ने बुधवार रात घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह जब पत्नी जागी तो उसने अपने पति को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। शोर शराबा होने पर आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उक्त थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी रानी ने आरोप लगाया कि मंगलवार दोपहर बिजली विभाग के जेई अपने कर्मचारियों के साथ घर आए और मेरा कनेक्शन काट दिया। पचास हजार रुपये की मांग भी की थी। मेरे पति ने कहा कि साहब हम बहुत गरीब आदमी है इतने रुपये कहा देगें। उसके बाद जेई ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर चले गए। जिसके बाद पति हमारे सदमे में आ गए और आज घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
वहीं पड़ोस के रहने वाले रमेश ने बताया कि मंगलवार दोपहर बिजली विभाग की टीम गांव में आई थी। 12 से अधिक लोगों के बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिऐ गए। जिसमें विमलेश का भी कनेक्शन काट दिया गया। विमलेश का केवल 19 सौ 11 रुपये का बिल बकाया था। मृतक मजदूरी करता था जिस वजह से वह बिल जमा नहीं कर पाया था। हादसे के बाद पत्नी उसके तीन बेटे अंश, वंश व आशीष का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
