संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 02 Oct 2023 11:54 PM IST
जसवंतनगर। पुलिस व खनन विभाग की टीम ने गांव नगला उदय सिंह क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी का खनन करते ट्रैक्टर, जेसीबी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से खनन माफिया में खलबली मची है। खनन माफिया दिन भर ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन और आरोपी को छुड़ाने के लिए प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते कामयाब नहीं हो सके।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पिछले काफी समय से पुलिस को शिकायतें आ रही थीं कि यहां पर कुछ लोग अवैध रूप से मशीनों से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। रविवार देर रात को जैसे ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को क्षेत्र की ओर रवाना किया। पुलिस टीम की दबिश को देखते हुए अन्य ट्रैक्टर व जेसीबी चालक मशीनें लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से धीरेंद्र उर्फ संजू तोमर को पकड़कर एक ट्रैक्टर व जेसीबी बरामद की है। सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
