संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Mon, 06 Nov 2023 12:51 AM IST
इटावा। कोतवाली थाना क्षेत्र में काली बांह मंदिर के पास मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने डंपर रोककर चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
घूमनपुरा निवासी दशरथ खेत से अपनी पुत्री काव्या (04) के साथ रविवार शाम करीब चार बजे घर लौट रहे थे। जैसे ही वह काली बांह मंदिर के पास सड़क पार करने लगे तभी भिंड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने काव्या को कुचल दिया। परिजन बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। स्थानीय लोगों ने डंपर को पकड़ लिया व चालक के साथ मारपीट भी कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई में जुट गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
