संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Sat, 25 Nov 2023 12:33 AM IST
इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर में तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से चोरी की सात बाइकें बरामद की हैं।
शुक्रवार रात चौबिया पुलिस को सूचना मिली कि तीन बदमाश उच्च प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर में चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। दबिश के दौरान पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। दो बदमाश मौका देखकर भाग गए। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आरिफ निवासी बदर मस्जिद के पास पुराना थाना रामगढ़ बताया। जिसके ऊपर सात मामले दर्ज हैं। मौके से चोरी की सात बाइकें, एक तमंचा व तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
