संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Tue, 17 Oct 2023 12:47 AM IST
जसवंतनगर। क्षेत्र के पाठकपुरा में रविवार शाम संदिग्ध हालात में हुई एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने डॉक्टर सहित दो के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
रविवार शाम महलई गांव निवासी सूरज (42) पुत्र सोनेलाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी इस मामले में परिजनों की ओर से पाठकपुर गांव के रहने वाले डॉ. विनीत यादव व हरेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। परिजनों का कहना है कि सूरज सिंह अजनौरा के हरेंद्र के साथ मकान बनाने का काम कर रहा था। वह पाठकपुर गांव में डॉ. विनीत यादव के मकान पर 13 अक्तूबर से मकान निर्माण कार्य में लगा था। इसी दौरान वहां सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं होने के कारण दीवार से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे घायलावस्था में एक महिला टेंपो से महलई गांव में डालकर चली गई। जब डॉ. विनीत से जानकारी की तो उन्होंने गालियां दीं और जातिसूचक शब्द बोले व जान से मारने की धमकी दी। मृत अवस्था में जब युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
