इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के मिहौली गांव के पास यमुना किनारे बोरे में मिले लापता छात्रा के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार को आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। छात्रा के पिता ने फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल पर नौ साल पुरानी रंजिश के चलते बेटी का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है।


मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने बाह के तत्कालीन एसडीएम से यमुना में हो रहे अवैध रेत खनन की शिकायत की थी। इसी शिकायत के बाद से लेखपाल उनसे रंजिश मानने लगा था। पिता का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनकी बेटी को अगवा किया गया और उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरे में बंद कर यमुना में फेंक दिया गया। पिता ने बताया कि उनकी बेटी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आगरा में रह रही थी। उसके पास मोबाइल फोन और लैपटॉप के अलावा गले में चेन तथा कानों में बालियां थीं।

मंगलवार को मिहौली के पास यमुना किनारे बोरे में शव मिलने के बाद जब उसकी पहचान हुई तो इनमें से कोई भी सामान शव के साथ नहीं मिला। परिजनों ने आरोपी लेखपाल के साथ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने की आशंका जताई है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *