फोटो 14: कृष्ण प्रताप। फाइल फोटो
फोटो 15: गुंजन। फाइल फोटो
फोटो 16: बीमार ममता देवी
फोटो 17: बीमार फूलन श्री
फोटो 18: बीमार रिचा
– 1100 की आबादी वाले गांव में लगभग 300 से ज्यादा लोग डेंगू और वायरल बुखार की चपेट में हैं
– दो दिन पहले धरबार गांव में बालिका की हो चुकी है मौत, डेढ़ माह में जा चुकी है छह लोगों की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। राजपुर तमेरी गांव में बुखार ने पैर पसार रखे हैं। घर-घर लोग बीमार हैं। हफ्तेभर पहले डेंगू की चपेट में आए युवक ने आगरा के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, दो दिन पहले एक बालिका की शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। डेढ़ माह में जिले में अभी तक छह लोगों की जान डेंगू से जा चुकी है।
करीब 1100 की आबादी वाले गांव राजपुर तमेरी में लगभग 300 से ज्यादा लोग ड़ेंगू और वायरल बुखार की चपेट में हैं। गांव के भरत सिंह के पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह (32) को एक सप्ताह पूर्व बुखार आने पर परिजन पहले ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद ले गए, जहां से उसे आगरा ले जाकर भर्ती कराया, लेकिन मंगलवार की रात मौत हो गई। कृष्ण प्रताप की मौत के बाद गांव के लोगोें की और ज्यादा चिंता बढ़ गई है।
गांव के ही राजवीर, मोकम सिंह, सुरेश चंद, अनार सिंह, आशीष कुमार, नरोत्तम सिंह, राम नारायण ने बताया कि गांव के लोग आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कठफोरी, शिकोहाबाद आदि जगह पर अपना इलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई ऐसे गरीब लोग हैं जो अपना इलाज भी नहीं करा सकते।
बताया कि पिछले 50 सालों में अब तक इस प्रकार की बीमारी का प्रकोप उन लोगों ने नहीं देखा है। बीमारी से हाथ-पैर में दर्द होता है और ठंड से बुखार आने लगता है। कमजोरी के कारण चलना फिरना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग को वायरल फैलने की सूचना भी दी गई, लेकिन कोई ध्यान न दिए जाने से बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
उधर, जसवंतनगर क्षेत्र के गांव धरबार में करीब दो दिन पूर्व शीतांशु प्रताप की तीन वर्षीय पुत्री गुंजन की डेंगू से मौत हो गई। तीन दिन पूर्व ही गुंजन बीमार हुई थी। इटावा में इलाज चल रहा था, सोमवार को बालिका की मौत हो गई। हाल यह है कि गांव के 50 से अधिक लोग बीमार हैं
सीएचसी के प्रभारी डॉ. सुशील कुमार का कहना है कि गांव राजपुर तमेरी में बीमारी फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भेजी गई है। टीम प्रभावित मरीजों के खून की जांच कर रही है। दवाइयां वितरित की जा रही हैं।
प्रधान का पूरा परिवार बीमारी की चपेट में है
गांव के प्रधान सरन सिंह का पूरा परिवार बुखार की चपेट में हैं। उनकी पत्नी शशी, पुत्री चिंकी, दिव्य कुमार तथा चिंटू बुखार से ग्रसित हैं और उनका इलाज चल रहा है। इसी प्रकार पीयूष प्रताप सिंह (13) प्राची (12), ज्योति (10) , शुभि (छह), लगभग 10 दिनों से बीमार हैं। सीमांत सिंह (37), कशिश (पांच), मनस्वी (चार), पूर्वी (सात) का इलाज शिकोहाबाद में चल रहा है। राखी (35) आईसीयू सैफई में है। ममता देवी पत्नी रामनारायण व उनकी पुत्री खुशी (आठ), बड़ी बेटी महक (10) का इलाज फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर में चल रहा है। फूलन श्री (45) भी डेंगूगू से पीड़ित हैं।
