संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
Updated Fri, 22 Sep 2023 11:38 PM IST
इटावा। श्री राधा अष्टमी महा महोत्सव 23 सितंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर छैराहा स्थित श्री राधा वल्लभ मंदिर में शनिवार दोपहर 12 बजे से श्री राधारानी का महाभिषेक, जन्म बधाई, आरती आदि कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। शाम छह बजे से श्रद्धालु फूल बंगला व छप्पन भोग का दर्शन कर सकेंगे। मंदिर के कपाट रात 10 बजे तक खुले रहेंगे। यह जानकारी देते हुए मंदिर के महंत प्रकाश चंद्र गोस्वामी ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
दूसरी ओर प्रदर्शनी पंडाल में श्री श्री गौर निताई परिवार की ओर से राधाष्टमी पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। पंडित मनुपुत्र दास ने बताया कि महामहोत्सव की शुरूआत शनिवार की शाम चार बजे से हरिनाम संकीर्तन के साथ होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। धार्मिक गीतों पर बच्चे नृत्य करेंगे। आध्यात्मिक नाटक का मंचन किया जाएगा। श्री राधा प्राकट्य कथा के बाद श्री राधा श्यामसुंदर का महाभिषेक पंचामृत व 14 प्रकार की विशेष औषधियों से किया जाएगा। महाभिषेक के बाद छप्पन भोग लगाया जाएगा।
पंडित मनुपुत्र दास ने नगर वासियों से राधा रानी के प्रकटोत्सव में शामिल होने की अपील की है। कहा कि श्री राधा अष्टमी इस ब्रह्मांड, ब्रह्मलोक, साकेत, बैकुंठ का ही नहीं यह गोलोक का सबसे बड़ा महा महोत्सव है।
