इटावा। शहर में रामनगर 28 बी रेलवे फाटक को बुधवार को बुधवार से बंद कर दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से फाटक के दोनों ओर आरपीएफ को तैनात किया गया है। इस फाटक पर पांच महीने से उपरिगामी पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। पुल के दोनों ओर सेतु निगम पुल बना रहा है।
रेलवे पुल का कार्य 10 नवंबर से भूमि पूजन के बाद शुरू हो गया है। निर्माण कार्य शुरू होने की वजह से रेलवे फाटक को बंद करना पड़ा। लाइनपार की एक लाख से अधिक की आबादी निवास करती है। जबकि उन्हें फाटक पार कर कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला न्यायालय, जिला कारागार, जिला अस्पताल, स्टेट बैंक, केके महाविद्यालय, जिला कोषागार, नगर पालिका परिषद आदि सरकारी कार्यालय जाना पड़ता था।
जून महीने से सेतु निगम के फाटक के दोनों ओर पुल का निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान दो पहिया वाहन सवार एक ओर से आते-जाते रहे। लेकिन अब क्रासिंग को बंद कर दिया गया है।
फाटक पार यानी फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में कई पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों के आवास भी हैं। अब इन सभी लोगों को भरथना चौराहा से अशोक नगर होते हुए गुरु तेगबहादुर पुल से आना-जाना पड़ रहा है। इस वजह से लोगों को करीब डेढ़ से दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटकर आना पड़ रहा है।
